लाडवा मंडी: 1509 धान के दाम उछले, किसानों की बल्ले-बल्ले

लाडवा मंडी: 1509 धान के दाम उछले, किसानों की बल्ले-बल्ले

1509 धान की आवक बढ़ी, किसानों की बल्ले-बल्ले; पिछले साल से 1000 रुपए तक ज्यादा मिल रहा भाव

लाडवा अनाज मंडी में रोजाना 30 से 35 हजार बोरी पहुंच रही धान, अच्छी पैदावार से किसानों के चेहरों पर रौनक

12 सितंबर/लाडवा मंडी की खबरे मानव गर्ग द्वारा /जनता आवाज न्यूज रिसोर्स

लाडवा अनाज मंडी में 1509 किस्म की धान की आवक लगातार बढ़ रही है। इन दिनों मंडी में प्रतिदिन करीब 30 से 35 हजार बोरी 1509 धान किसान बिक्री के लिए लेकर पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार किसानों को पिछले वर्ष की तुलना में करीब 1000 रुपए प्रति क्विंटल तक अधिक भाव मिल रहा है। अच्छी पैदावार और बेहतर भाव मिलने से किसानों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आ रही है।
मंडी में धान लेकर पहुंचे किसान रॉबिन, विक्रम, पलविंदर, जसविंदर, मनदीप, नव सिंह, अशोक, हरभजन, जय सिंह, नरेंद्र सिंह और जगतार आदि ने बताया कि इस बार खेतों में 1509 धान की फसल अच्छी हुई है। किसानों के अनुसार कम बरसात और फसल में किसी बड़ी बीमारी का प्रकोप नहीं होने के कारण उत्पादन बेहतर रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रति एकड़ पिछले वर्ष की तुलना में करीब 7 से 8 क्विंटल अधिक धान निकल रहा है। वहीं मंडी में 1509 धान का भाव करीब 3700 से 3800 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहा है।
परमल धान के किसान मायूस, सरकारी खरीद शुरू करने की मांग
वहीं कुछ किसान परमल धान लेकर भी मंडी पहुंचे, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित भाव 2461 रुपए प्रति क्विंटल है, जबकि मंडी में उन्हें करीब 2000 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। भाव कम मिलने के कारण कुछ किसानों को अपनी फसल वापस घर ले जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों ने सरकार से मांग की कि परमल धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू की जाए।

किसानों की हो रही बल्ले-बल्ले
लाडवा अनाज मंडी के व्यापारी तथा हरियाणा प्रदेश अनाज मंडी आढ़ती संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता, प्रमोद धवन, अमन गुप्ता, पवन बांसल, राकेश मलिक और नरेश कुमार आदि ने कहा कि इस बार 1509 धान के भाव अच्छे मिल रहे हैं। खेतों में भी फसल की पैदावार बेहतर होने के कारण किसानों को दोहरी खुशी मिल रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी आवक के बावजूद मंडी में खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापारी पूरी तरह तैयार हैं।
**
सरकारी खरीद को लेकर तैयारियां पूरी**
मार्केट कमेटी लाडवा के सचिव संत कुमार ने बताया कि सरकारी खरीद को लेकर मार्केट कमेटी की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी व्यापारियों और सैलर मालिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि धान की खरीद के दौरान किसी किसान या व्यापारी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share:

Comments

Leave a comment