बाबैन अनाजमंडी में 27 हजार 206 क्विंटल सूरजमुखी की हुई आवक
बाबैन/ 20 जून /सुरेश अरोड़ा:
बाबैन अनाजमंडी में सूरजमुखी की फसल की आवक लगातार बढ़ रही है। किसानों द्वारा बड़ी मात्रा में मंडी में लाई जा रही सूरजमुखी की फसल की खरीद और उठान का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
मौसम साफ रहने के कारण खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा। बाबैन अनाजमंडी में अब तक कुल 27 हजार 206 क्विंटल सूरजमुखी की आवक दर्ज की जा चुकी है।
इनमें से 26 हजार 214 क्विंटल सूरजमुखी की खरीद की जा चुकी है। इसके अलावा खरीदी गई फसल में से 15 हजार 129 क्विंटल सूरजमुखी का उठान भी किया जा चुका है।
मार्किट कमेटी सचिव गुरमीत सैनी ने कहा कि खरीद एजेंसियों द्वारा सूरजमुखी की फसल की खरीद के साथ-साथ उसके उठान का कार्य भी समय पर किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप किसानों को उनकी फसल का भुगतान भी नियमानुसार समय पर प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि तक मंडी में केवल 10 हजार 823 क्विंटल सूरजमुखी की आवक हुई थी, जबकि इस वर्ष आवक में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह बढ़ोतरी किसानों के सूरजमुखी की खेती के प्रति बढ़ते रुझान और बेहतर उत्पादन का संकेत है।
उन्होंने कहा कि सूरजमुखी की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि खरीद सीजन के दौरान किसानों और आढ़तियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया जाएगा।


